— मनीषा कुमारी —
दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को सिटिजन्स फॉर डेमोक्रेसी के तत्वावधान में श्री रामशरण जी द्वारा देश के प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण तथा गांधी विमर्श के वरिष्ठ जानकार श्री तुषार गांधी जी को आमंत्रित किया गया। इसके साथ ही, देश के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता एवं सिटिजन्स फॉर डेमोक्रेसी के वरिष्ठ साथी प्रोफेसर आनंद कुमार, श्री हीरेमठ, प्रोफेसर शशि शेखर जी समेत 80 से भी अधिक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस परिचर्चा में भाग लिया।
लोकतंत्र, मौलिक अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर चर्चा करने के लिए नागरिक समाज के कार्यकर्ताओं की एक ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक का विषय था -“लोकतंत्र का संकट और गैर-दलीय शक्तियों की भूमिका”। इसमें वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण और गांधीवादी विचारक तुषार गांधी को संवाद के लिए आमंत्रित किया गया था। प्रोफेसर आनंद कुमार ने चर्चा का संचालन किया, जबकि रामशरण जी ने बैठक की पृष्ठभूमि प्रस्तुत की।
रामशरण ने उठाए एकजुटता और आंदोलन की रणनीति से जुड़े सवाल-
बैठक की शुरुआत में रामशरण ने कहा कि इसमें शामिल अनेक साथी 1974 के आंदोलन और बाद में वी. पी. सिंह के नेतृत्व वाले आंदोलन में भी सक्रिय रहे थे। आज उन्हें लग रहा है कि देश एक और निर्णायक संघर्ष के दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि बदलाव की आवश्यकता को लेकर व्यापक सहमति है, लेकिन सवाल यह है कि क्या विभिन्न लोकतांत्रिक शक्तियाँ एकजुट हो पाएँगी और क्या बदलाव के बाद वास्तव में व्यवस्था में परिवर्तन होगा।
रामशरण ने चुनावी प्रक्रिया और न्यायपालिका की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केवल सत्ता में परिवर्तन के बारे में सोचना पर्याप्त नहीं है; यह भी विचार करना होगा कि उसके बाद लोकतांत्रिक संस्थाओं और शासन-व्यवस्था को किस तरह बदला जाए। इसके लिए व्यापक एकजुटता और साझा रणनीति की आवश्यकता होगी।
उन्होंने यह चिंता भी व्यक्त की कि सरकार प्रमुख नेताओं को एक-एक करके गिरफ्तार करने की कोशिश कर सकती है। ऐसी स्थिति में आंदोलन की दिशा क्या होगी? क्या अभी आंदोलनकारी शक्तियाँ जेल भरो आंदोलन जैसे कार्यक्रम के लिए पर्याप्त रूप से तैयार हैं? रामशरण ने इन प्रश्नों पर विचार-विमर्श की आवश्यकता बताई।
प्रशांत भूषण: लोकतांत्रिक संस्थाओं और मौलिक अधिकारों पर संकट-
रामशरण की बात के बाद प्रोफेसर आनंद कुमार ने प्रशांत भूषण से अपनी बात रखने का आग्रह किया। प्रशांत भूषण ने सभी साथियों का अभिवादन करते हुए कहा कि देश की वर्तमान स्थिति में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, मौलिक अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर चिंताएँ पैदा हुई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश की प्रमुख संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को बेरहमी से कुचला जा रहा है। उनके अनुसार, लोकतंत्र की बुनियाद को कमजोर करने में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया की भी महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रशांत भूषण ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाने और जोड़ने की प्रक्रिया में व्यापक अनियमितताएँ हुईं तथा यह काम चयनात्मक तरीके से किया गया। उन्होंने विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय, दलितों और अन्य लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने को लेकर चिंता जताई। उनका कहना था कि इस प्रक्रिया की पूरी जिम्मेदारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने हाथों में केंद्रित कर ली थी और इससे भारतीय जनता पार्टी को लाभ पहुँचाने की कोशिश की गई।
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उनके अनुसार, इस विषय पर सार्वजनिक चर्चा अपेक्षाकृत कम हो रही है, जबकि चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता के संदर्भ में इसे भी गंभीरता से देखने की जरूरत है।
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल-
प्रशांत भूषण ने चुनाव आयोग की निर्णय-प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के अन्य आयुक्तों की सहमति के बिना निर्णय लिए जाने और आयोग की बैठकों में एजेंडा तथा कार्यवृत्त से जुड़ी कथित अनियमितताओं के बारे में मीडिया में खुलासे हुए हैं। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि अन्य चुनाव आयुक्तों ने कई मामलों में आपत्तियाँ उठाई थीं।
उनका तर्क था कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की कार्यप्रणाली पारदर्शी, सामूहिक और जवाबदेह होनी चाहिए। यदि चुनावी प्रक्रिया को लेकर नागरिकों का विश्वास कमजोर होता है, तो उसका असर पूरे लोकतांत्रिक ढाँचे पर पड़ता है।
युवाओं के आंदोलन ने भय के माहौल को चुनौती दी-
प्रशांत भूषण ने कहा कि देश में लंबे समय से ऐसा भय का वातावरण बना हुआ था, जिसके कारण लोग सड़कों पर उतरने से हिचक रहे थे। उनका मानना था कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते नियंत्रण और नागरिक अधिकारों पर हमलों का मुकाबला करने के लिए जनभागीदारी और शांतिपूर्ण सार्वजनिक प्रतिरोध आवश्यक है।
उन्होंने हाल के युवा आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि पेपर लीक के मुद्दे से शुरू हुई गतिविधियों, स्कूलों की स्थिति सुधारने की माँग और SIR के विरोध ने युवाओं को सड़कों पर लाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अनुसार, इन आंदोलनों ने सरकार के दमन और गिरफ्तारी के भय को चुनौती दी है।
उन्होंने प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस के कथित दुर्व्यवहार का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को घसीटकर ले जाया गया और पुलिस हिरासत में उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि दमन के माध्यम से आंदोलनकारियों का मनोबल तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन युवा आंदोलनकारियों ने साहस और दृढ़ता का परिचय दिया।
युवा नेतृत्व पर भरोसा और नागरिक समाज की भूमिका-
प्रशांत भूषण ने युवा आंदोलनकारियों के साहस और राजनीतिक समझ की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप सेकॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े युवाओं तथा छात्र संगठनों की महिला नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचार स्पष्ट हैं और वे वर्तमान परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते हैं।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पुरानी पीढ़ी के सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता युवा नेतृत्व को आगे आने का अवसर दें। उनके अनुसार, आज के युवा यह बेहतर समझते हैं कि जनमत को प्रभावित करने, लोगों को संगठित करने और सार्वजनिक मुद्दों को व्यापक समाज तक पहुँचाने के लिए किन तरीकों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ नागरिक समाज संगठनों को युवाओं का मार्गदर्शन करने के बजाय उनकी पहल का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुरानी पीढ़ी के कार्यकर्ताओं की भूमिका सहयोग और समर्थन की होनी चाहिए। वे स्वयं को भी इसी भूमिका में देखते हैं।
उनका संदेश था कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्षरत युवा शक्तियों को स्वतंत्र रूप से नेतृत्व करने दिया जाए और नागरिक समाज अपनी क्षमताओं के अनुसार उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करे।
प्रशांत भूषण ने अपने वक्तव्य के दूसरे हिस्से में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनदबाव (public pressure) बनाने, युवा आंदोलनों को समर्थन देने, विपक्षी दलों के बीच एकजुटता स्थापित करने और भविष्य में संस्थागत सुधारों की दिशा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आगाह किया कि यदि दमन बढ़ता रहा, तो परिस्थितियाँ हिंसक हो सकती हैं। इसलिए लोकतांत्रिक बदलाव के लिए शांतिपूर्ण जनभागीदारी और निरंतर जनता का दबाव आवश्यक है।
दमन से बढ़ सकता है जनाक्रोश-
प्रशांत भूषण ने कहा कि पुलिस की बर्बरता जितनी बढ़ती है, जनता में गुस्सा भी उतना ही बढ़ता जाता है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि दमन का सिलसिला जारी रहा, तो किसी समय जनाक्रोश हिंसक रूप ले सकता है। ऐसी स्थिति में असामाजिक तत्वों के हस्तक्षेप और जवाबी हिंसा की आशंका भी बढ़ सकती है, जिसका इस्तेमाल सरकार और अधिक दमन के औचित्य के रूप में कर सकती है।
उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े देश में बांग्लादेश या नेपाल की तरह की क्रांतिकारी परिस्थितियों की तुलना सीधे नहीं की जा सकती। भारत की संस्थागत संरचना और सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियाँ अलग हैं। उनके अनुसार, सबसे बेहतर रास्ता यही होगा कि लोग शांतिपूर्ण ढंग से सड़कों पर उतरें और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर इतना जनदबाव बनाएँ कि उनके कामकाज में बदलाव आए।
जनदबाव से बदल सकता है संस्थाओं का रवैया-
प्रशांत भूषण ने न्यायपालिका, चुनाव आयोग, मीडिया, पुलिस और अन्य संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर चिंता जताई। उनका कहना था कि जब संस्थाएँ सत्ता के प्रभाव में काम करने लगती हैं, तब नागरिकों का संगठित प्रतिरोध उनके रवैये को बदलने में भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने दावा किया कि हाल के जनआंदोलनों के दबाव के कारण चुनाव आयोग ने कुछ मामलों में अपने फैसलों पर पुनर्विचार किया है और न्यायपालिका के रवैये में भी कुछ बदलाव दिखाई दिए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस के भीतर भी इस बात को लेकर असंतोष हो सकता है कि युवाओं और प्रदर्शनकारियों के साथ किस तरह का व्यवहार किया जा रहा है।
उनके अनुसार, जनदबाव का यह सिलसिला केवल SIR के मुद्दे तक सीमित नहीं रहना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया में EVM की भूमिका, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कथित राजनीतिक नियंत्रण और हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण की राजनीति जैसे सवालों पर भी जनता को शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठानी चाहिए।
प्रशांत भूषण ने कहा कि अलग-अलग मुद्दों पर होने वाले आंदोलनों को निरंतरता मिलनी चाहिए। यदि एक मुद्दा समाप्त हो जाए, तो दूसरे जनहित के सवालों पर लोकतांत्रिक प्रतिरोध जारी रहना चाहिए। उनके विचार में संस्थाओं को जवाबदेह बनाने और शांतिपूर्ण राजनीतिक परिवर्तन का रास्ता इसी से तैयार हो सकता है।
विपक्षी दलों की एकजुटता जरूरी-
प्रशांत भूषण ने विपक्षी दलों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। यदि विपक्ष बिखरा रहता है, तो सरकार के खिलाफ जनमत बनने के बावजूद चुनावी परिणामों में उसका पूरा लाभ नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि नागरिक समाज के उन लोगों को, जिनका विपक्षी दलों पर प्रभाव है, उनसे एक साथ आने की अपील करनी चाहिए। उनके अनुसार, विपक्ष की एकता लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने और चुनावी प्रतिस्पर्धा को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दलों के बीच बिखराव, राजनीतिक दलों को तोड़ने और विपक्षी समर्थन को प्रभावित करने जैसी परिस्थितियाँ लोकतांत्रिक जनमत के प्रभाव को कमजोर कर सकती हैं। इसलिए नागरिक समाज को केवल जनआंदोलनों में ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक राजनीतिक शक्तियों के बीच संवाद और सहयोग बढ़ाने में भी भूमिका निभानी चाहिए।
सत्ता परिवर्तन के साथ संस्थागत सुधार भी जरूरी-
रामशरण द्वारा उठाए गए इस सवाल पर कि सत्ता परिवर्तन के बाद संस्थाओं में सुधार कैसे होगा, प्रशांत भूषण ने कहा कि केवल सरकार बदल जाना पर्याप्त नहीं होगा। न्यायपालिका और अन्य संस्थाओं में नियुक्तियों, कानूनों तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़े सवालों पर भी ध्यान देना होगा।
उन्होंने सुझाव दिया कि यदि भविष्य में विपक्ष मजबूत बहुमत के साथ सत्ता में आता है, तो संस्थाओं में कथित रूप से पक्षपातपूर्ण नियुक्तियों और अनियमितताओं के मामलों की समीक्षा की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि जहाँ कानून के उल्लंघन के प्रमाण हों, वहाँ संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए और कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रशांत भूषण ने UAPA और अन्य कठोर कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे कानूनों की समीक्षा और उनमें आवश्यक संशोधन भी लोकतांत्रिक सुधारों का हिस्सा होना चाहिए।
उन्होंने यूपीए-1 के दौरान गठित राष्ट्रीय सलाहकार परिषद का उदाहरण दिया। उनके अनुसार, उस परिषद के माध्यम से सूचना का अधिकार और खाद्य सुरक्षा जैसे महत्त्वपूर्ण कानूनों को आगे बढ़ाने में मदद मिली थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में विपक्षी सरकार बनने पर भी व्यापक सामाजिक विमर्श के जरिए जनहितकारी कानूनों और नीतियों को विकसित करने का प्रयास किया जा सकता है।
2029 के चुनाव और निष्पक्ष मतदान की चुनौती-
प्रशांत भूषण ने कहा कि व्यापक संस्थागत सुधारों के लिए विपक्ष का मजबूत बहुमत आवश्यक होगा। उन्होंने आशंका जताई कि यदि विपक्ष को केवल मामूली बहुमत मिलता है, तो सरकार को अस्थिर करने की कोशिशें हो सकती हैं और राजनीतिक परिस्थितियाँ फिर बदल सकती हैं।
उन्होंने 2029 के आम चुनावों से पहले ऐसा जनमत तैयार करने की आवश्यकता बताई, जिससे निष्पक्ष चुनाव की स्थिति में भाजपा को भारी राजनीतिक चुनौती का सामना करना पड़े। उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित विवादों का समाधान, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और EVM से जुड़े सवालों पर स्पष्टता को भी आवश्यक बताया। उन्होंने बैलेट पेपर की वापसी अथवा EVM से संबंधित विवादों का समाधान करने की जरूरत पर जोर दिया।
उनका कहना था कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव तथा विपक्ष का मजबूत जनादेश ही लोकतांत्रिक संस्थाओं में व्यापक सुधार का अवसर दे सकता है।
2027 में मध्यावधि चुनाव की संभावना पर चर्चा-
प्रश्नोत्तर के दौरान 2027 में चुनाव होने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर प्रशांत भूषण ने कहा कि यदि सरकार को समर्थन दे रहे दल समर्थन वापस ले लें और विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सरकार को पराजित कर दे, तो मध्यावधि चुनाव की संभावना बन सकती है।
हालाँकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची और EVM से संबंधित विवादों का इतनी जल्दी समाधान हो पाएगा या नहीं, यह कहना कठिन है। उनके अनुसार, यदि व्यापक जनमत तैयार होता है और बड़ी संख्या में लोग शांतिपूर्ण ढंग से सड़कों पर उतरते हैं, तो राजनीतिक परिस्थितियों में अप्रत्याशित बदलाव संभव हैं।
हिंसा से बचने और संयम बनाए रखने की अपील-
सरकार द्वारा हिंसा किए जाने की स्थिति में आंदोलनकारियों की रणनीति के बारे में पूछे जाने पर प्रशांत भूषण ने कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलनों को संयम बनाए रखने की कोशिश करनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने आगाह किया कि लगातार दमन होने पर परिस्थितियों को नियंत्रित रखना कठिन हो सकता है और अराजकता की आशंका बढ़ सकती है।
उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों को ऐसी स्थिति से बचने के लिए शांतिपूर्ण प्रतिरोध जारी रखना चाहिए और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाए रखना चाहिए। उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों में काम करने वाले लोग अंततः अपने ही देश के युवाओं के खिलाफ अत्यधिक हिंसा करने पर सवाल उठा सकते हैं।
उनके वक्तव्य का मूल संदेश था कि जनांदोलन की ताकत उसकी व्यापक भागीदारी, नैतिक आधार और अहिंसक स्वरूप में है। दमन के बावजूद आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखना लोकतांत्रिक परिवर्तन के लिए महत्त्वपूर्ण है।
आनंद कुमार: युवा नेतृत्व का सम्मान और समर्थन जरूरी-
प्रशांत भूषण के वक्तव्य के बाद प्रोफेसर आनंद कुमार ने कहा कि चर्चा से यह स्पष्ट होता है कि वर्तमान संकट केवल सरकार या किसी एक राजनीतिक दल का संकट नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़ा व्यापक संकट है।
उन्होंने कहा कि युवाओं ने सार्वजनिक जीवन में व्याप्त भय को चुनौती देकर आशा पैदा की है। ऐसे में पुराने सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को युवा आंदोलनकारियों की पहल, उनके निर्णयों और उनकी स्वतंत्रता का सम्मान करना चाहिए।
आनंद कुमार ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को आंदोलन पर नियंत्रण स्थापित करने या उसे अपने तरीकेसे चलाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। परीक्षा संबंधी समस्याओं से लेकर स्कूलों की स्थिति और अब SIR तक, जिन मुद्दों पर युवा आंदोलन खड़ा कर रहे हैं, उन्हें अपनी दिशा तय करने का अवसर दिया जाना चाहिए। नागरिक समाज की भूमिका उनके संघर्ष को सहयोग देने और उसे व्यापक लोकतांत्रिक समर्थन उपलब्ध कराने की होनी चाहिए।
आगे की चर्चा: मध्यावधि चुनाव और आंदोलन की रणनीति-
बैठक के अंतिम हिस्से में मध्यावधि चुनाव की माँग और आंदोलन की आगे की रणनीति पर सवाल उठे। प्रशांत भूषण ने 2027 में चुनाव की संभावना को सैद्धांतिक रूप से स्वीकार किया, लेकिन इसे राजनीतिक दलों के समर्थन, अविश्वास प्रस्ताव और व्यापक जनदबाव जैसी परिस्थितियों से जुड़ा बताया।
इसके बाद फीरोज़ मिठीबोरवाला ने चुनाव की माँग उठाने, विपक्षी गठबंधन की भूमिका और राष्ट्रीय स्तर पर जनआंदोलन के कार्यक्रम पर चर्चा की। बातचीत में यह सवाल भी सामने आया कि क्या मौजूदा परिस्थितियों में मध्यावधि चुनाव की माँग को आंदोलन के प्रमुख प्रस्तावों में शामिल किया जाना चाहिए।
इस प्रकार बैठक में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, युवा नेतृत्व, शांतिपूर्ण जनआंदोलन, विपक्षी एकता और चुनावी सुधारों के बीच संबंधों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने अलग-अलग दृष्टिकोणों से यह रेखांकित किया कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए केवल चुनावी राजनीति पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है; संगठित नागरिक भागीदारी और संस्थाओं की जवाबदेही भी उतनी ही महत्त्वपूर्ण हैं।
तीसरे हिस्से में मध्यावधि चुनाव की संभावना, विपक्षी दलों की एकजुटता, युवा आंदोलनों की भूमिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था में बुनियादी सुधारों पर चर्चा हुई।
वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने कहा कि केवल माँग करने से मध्यावधि चुनाव नहीं हो सकते; इसके लिए सरकार को समर्थन दे रहे दलों का समर्थन वापस लेना और विपक्ष का एकजुट होकर अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करना आवश्यक होगा।
तुषार गांधी ने अपने वक्तव्य में कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लंबी होगी और इसके लिए जनमत निर्माण, व्यक्तिगत सत्याग्रह तथा चुनावी व्यवस्था में सुधार पर ध्यान देना होगा।
मध्यावधि चुनाव के लिए राजनीतिक परिस्थितियाँ बनाना जरूरी-
प्रशांत भूषण ने कहा कि मध्यावधि चुनाव की माँग उठाना अपने आप में पर्याप्त नहीं है। इसके लिए जरूरी होगा कि सरकार को समर्थन दे रहे दल अपना समर्थन वापस लें और समूचा विपक्ष एकजुट होकर अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करे। उनके अनुसार, उस समय ऐसी राजनीतिक परिस्थितियाँ पूरी तरह तैयार नहीं दिख रही हैं। इसके लिए चार से छह महीने या उससे अधिक समय लग सकता है।
उन्होंने कहा कि नागरिक समाज को जनमत तैयार करने के साथ-साथ राजनीतिक दलों पर भी प्रभाव डालने की कोशिश करनी चाहिए, ताकि वे अपने आपसी मतभेदों और व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक संकट का सामना कर सकें।
फीरोज़ मिठीबोरवाला ने चर्चा के दौरान बदलाव की माँग और देशव्यापी जनभागीदारी के संबंध में सवाल उठाया। इस पर प्रशांत भूषण ने स्पष्ट किया कि सत्ता और व्यवस्था में बदलाव की बात कोई नई माँग नहीं है। उनके अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों में बदलाव की आवश्यकता पर चर्चा करना स्वाभाविक है।
समर्थन देने वाले दलों से समर्थन वापस लेने की अपील-
बैठक में सिटिजन फॉर डेमोक्रेसी के अध्यक्ष प्रोफेसर शशि शेखर सिंह ने प्रस्ताव रखा कि सरकार को समर्थन दे रहे दलों से लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन और अलोकतांत्रिक कार्रवाइयों के विरोध में समर्थन वापस लेने की माँग की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की अपील सरकार पर नैतिक दबाव बनाने का माध्यम बन सकती है।
प्रशांत भूषण ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नागरिक समाज को ऐसी माँग करनी चाहिए और इसे सार्वजनिक रूप से उठाना चाहिए।
प्रोफेसर आनंद कुमार ने सुझाव दिया कि साथियों को प्रस्ताव तैयार करके साझा करना चाहिए, ताकि उसे आगे संबंधित पक्षों तक पहुँचाया जा सके।
यह चर्चा इस बात का संकेत थी कि बैठक में शामिल कार्यकर्ता केवल राजनीतिक परिस्थितियों का विश्लेषण करने तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि सरकार को समर्थन देने वाले दलों पर लोकतांत्रिक जवाबदेही के लिए दबाव बनाने की दिशा में भी पहल करना चाहते हैं।
विपक्षी दलों को निजी हितों से ऊपर उठना होगा-
प्रशांत भूषण ने नागरिक समाज की भूमिका पर फिर जोर देते हुए कहा कि स्थापित राजनीतिक दलों पर प्रभाव डालना उसका एक महत्त्वपूर्ण काम हो सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन सामाजिक कार्यकर्ताओं के विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ पदाधिकारियों से संबंध हैं, उन्हें अपने संपर्कों का इस्तेमाल विपक्षी एकजुटता के लिए करना चाहिए।
उनके अनुसार, मौजूदा परिस्थिति में राजनीतिक दलों को यह समझना होगा कि उनका भविष्य भी आपसी सहयोग पर निर्भर करता है। यदि वे अपने-अपने निजी हितों और मतभेदों में उलझे रहेंगे, तो व्यापक जनसमर्थन के बावजूद लोकतांत्रिक बदलाव का अवसर कमजोर हो सकता है।
आनंद कुमार: नई पीढ़ी के साथ विश्वास का रिश्ता बनाएँ-
प्रोफेसर आनंद कुमार ने कहा कि प्रशांत भूषण के वक्तव्य को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुड़े थे और ऑनलाइन माध्यमों से भी चर्चा में भागीदारी हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे संवाद आगे भी जारी रहेंगे, ताकि भौगोलिक दूरी के बावजूद लोकतंत्र और सामाजिक परिवर्तन के सवालों पर सामूहिक चिंतन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में युवा आंदोलनकारियों ने जिस साहस और धैर्य का परिचय दिया है, वह प्रेरणादायक है। नागरिक समाज के संगठनों को अपने स्तर पर ऐसा वातावरण बनाने की कोशिश करनी चाहिए, जिसमें नई पीढ़ी के साथ विश्वास और सहयोग का संबंध विकसित हो।
आनंद कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को युवा आंदोलनकारियों की पहल का सम्मान करना चाहिए और उनके निर्णयों का समर्थन करना चाहिए। आंदोलन को नियंत्रित करने या उस पर किसी प्रकार का रिमोट कंट्रोल स्थापित करने के बजाय युवाओं को स्वतंत्र रूप से नेतृत्व करने देना चाहिए।
तुषार गांधी: लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई लंबी होगी-
तुषार गांधी ने कहा कि परिवर्तन की माँग लगातार उठती रहनी चाहिए, क्योंकि किसी भी आंदोलन या क्रांतिकारी प्रक्रिया का उद्देश्य समाज में बदलाव लाना होता है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में भी कई अप्रिय घटनाएँ हुई थीं, लेकिन पिछले लगभग बारह से चौदह वर्षों में देश की राजनीतिक परिस्थितियों ने लोकतंत्र और संविधान के भविष्य को लेकर गंभीर चिंताएँ पैदा की हैं। उनके अनुसार, मौजूदा सरकार की दिशा ऐसी प्रतीत होती है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों के कमजोर होने का खतरा है।
तुषार गांधी ने कहा कि मौजूदा सत्ता व्यवस्था को बदलना आसान नहीं होगा। उनके अनुसार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने लंबे समय तक योजनाबद्ध ढंग से काम किया और चुनावी राजनीति में भागीदारी के माध्यम से सत्ता तक पहुँचने की रणनीति अपनाई। इसलिए केवल चुनावी परिणामों में बदलाव की उम्मीद करना पर्याप्त नहीं होगा।
उन्होंने सुझाव दिया कि मोदी और अमित शाह के नेतृत्व वाली सत्ता व्यवस्था की राजनीतिक आलोचना जारी रखने के साथ-साथ ऐसी परिस्थितियाँ बनानी होंगी, जिनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को भी यह महसूस हो कि मौजूदा राजनीतिक नेतृत्व उसके लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। तुषार गांधी के अनुसार, सत्ता के भीतर समर्थन के समीकरणों में बदलाव राजनीतिक परिवर्तन की संभावनाओं को प्रभावित कर सकता है।
2029 तक जनांदोलन और जनमत निर्माण की जरूरत-
तुषार गांधी ने मध्यावधि चुनाव की संभावना पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि केवल चुनाव की तारीख बदलने से बड़ा परिवर्तन सुनिश्चित नहीं होगा। उनके अनुसार, यदि चुनावी व्यवस्था और संस्थागत ढाँचे में मूलभूत बदलाव नहीं होते, तो राजनीतिक हेरफेर की आशंका बनी रह सकती है।
उन्होंने कहा कि नागरिक समाज और लोकतांत्रिक शक्तियों को 2029 तक सड़कों पर शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखने की तैयारी करनी चाहिए। इसके साथ ही समाज के भीतर व्यापक जनमत बनाने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर भी काम करना होगा।
उन्होंने माना कि पिछले वर्षों में लोकतांत्रिक शक्तियाँ कई बार जनमत निर्माण में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकीं। अब जब युवा आंदोलनों के कारण सार्वजनिक बहस में बदलाव दिखाई दे रहा है, तो नागरिक समाज को इस अवसर का उपयोग करके लोगों के बीच लोकतंत्र और संविधान के पक्ष में व्यापक जागरूकता फैलानी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष केवल 2027 या 2029 के चुनावों तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार, यह उस भारत की संवैधानिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने का संघर्ष है, जिसकी कल्पना स्वतंत्रता आंदोलन के नेताओं ने की थी।
हर नागरिक बने सत्याग्रही-
तुषार गांधी ने महात्मा गांधी के व्यक्तिगत सत्याग्रह की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक को सत्याग्रही की भूमिका निभाने के लिए तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब सरकार विरोध और असहमति के प्रति दमनकारी रवैया अपनाती है, तब नागरिकों को केवल सामूहिक आंदोलनों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर समाज में संवाद, जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रसार के लिए काम कर सकता है।
उन्होंने युवा आंदोलनों की सराहना करते हुए कहा कि छात्र और युवा अपने तरीके से संघर्ष को आगे बढ़ा रहे हैं। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं को अपने अनुभव का इस्तेमाल उनकी पहल को मजबूत करने के लिए करना चाहिए। उनका काम आंदोलन का नेतृत्व अपने हाथ में लेना नहीं, बल्कि समाज में बदलाव के लिए सहयोगी शक्ति के रूप में काम करना होना चाहिए।
तुषार गांधी के अनुसार, केवल सत्ता की आलोचना पर्याप्त नहीं है; समाज में वैकल्पिक विचारों और संवैधानिक मूल्यों के पक्ष में विश्वास पैदा करना भी जरूरी है।
चुनावी व्यवस्था में सुधार पर जोर-
तुषार गांधी ने चुनावी व्यवस्था की संरचना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रणाली में निर्वाचित प्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त और दल-बदल जैसी समस्याएँ लोकतंत्र को कमजोर करती हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सत्ता परिवर्तन और बहुमत के समीकरणों का इस्तेमाल लोकतांत्रिक जनादेश की भावना को प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की चुनावी व्यवस्था से प्रेरणा लेने का सुझाव दिया। उनके प्रस्ताव के अनुसार, राजनीतिक दलों को चुनाव लड़ने और सीटें जीतने के बाद अपने प्रतिनिधियों को नामित करने की व्यवस्था पर विचार किया जा सकता है। उनका मानना था कि ऐसी व्यवस्था प्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त की समस्या को कम करने में मदद कर सकती है।
तुषार गांधी ने यह भी कहा कि चुनावी राजनीति में धनबल और भ्रष्टाचार के प्रभाव पर गंभीर चर्चा तथा जनांदोलन की जरूरत है। उनके अनुसार, गरीब मतदाताओं और चुनावी प्रक्रिया पर धन के प्रभाव से जुड़े सवालों को लोकतंत्र की व्यापक बहस का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने संकेत दिया कि यदि किसी राज्य में निर्वाचित प्रतिनिधियों के दल-बदल या सत्ता परिवर्तन के जरिए जनादेश को प्रभावित किया जाता है, तो ऐसे मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए भी लोकतांत्रिक शक्तियों को आवाज उठानी चाहिए।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए दीर्घकालीन संघर्ष-
बैठक के इस हिस्से में वक्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए तीन प्रमुख दिशाओं पर जोर दिया—युवा आंदोलनों को स्वतंत्र नेतृत्व का अवसर देना, विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए नागरिक समाज द्वारा नैतिक और राजनीतिक दबाव बनाना तथा संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए दीर्घकालीन जनमत निर्माण करना।
तुषार गांधी ने व्यवस्था परिवर्तन, नागरिक समाज की स्वतंत्र शक्ति और आंदोलनकारियों के लिए कानूनी सहायता की जरूरत पर दिया जोर-
लोकतंत्र की रक्षा के लिए दीर्घकालीन रणनीति, व्यवस्था परिवर्तन, नागरिक समाज की स्वतंत्र भूमिका और आंदोलनकारियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि केवल सरकार बदलना पर्याप्त नहीं है; व्यवस्था में ऐसे बुनियादी बदलाव भी जरूरी हैं, जो सत्ता में आने वाले किसी भी राजनीतिक दल को निरंकुश होने से रोक सकें।
सत्ता में बैठे लोगों के मन में जवाबदेही का भय होना चाहिए-
तुषार गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की शक्ति का एहसास निर्वाचित प्रतिनिधियों को होना चाहिए। जनप्रतिनिधियों को यह समझना चाहिए कि जिन लोगों ने उन्हें चुनकर भेजा है, वे उनके गलत कार्यों के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं और उन्हें जवाबदेह बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले लगभग चौदह वर्षों में परिस्थितियाँ ऐसी बनी हैं कि नागरिकों के भीतर भय बढ़ा है, जबकि सत्ता में बैठे लोगों को जनता के प्रति जवाबदेह होने का एहसास कम होता दिखाई देता है। उनके अनुसार, लोकतंत्र में यह स्थिति उलटनी चाहिए। जनता को अपने अधिकारों के प्रति सजग और निर्भीक होना चाहिए तथा सत्ता में बैठे लोगों को अपने निर्णयों के लिए जनता के सामने जवाब देना चाहिए।
तुषार गांधी ने कहा कि इस दिशा में काम करने के लिए दीर्घकालीन रणनीति आवश्यक है। केवल किसी एक आंदोलन या चुनाव के जरिए लोकतांत्रिक संकट का समाधान नहीं किया जा सकता।
बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका के अनुभवों से सीख-
तुषार गांधी ने बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन देशों की परिस्थितियों को समझते समय वहाँ की सेना और अन्य संस्थाओं की भूमिका को भी ध्यान में रखना होगा। उन्होंने कहा कि भारत में वैसी ही परिस्थितियों की पुनरावृत्ति की कल्पना करना उचित नहीं होगा।
उनका मानना था कि भारत में सेना और पुलिस जैसे संस्थानों को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखना लोकतंत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि पिछले वर्षों में इन संस्थाओं के राजनीतिकरण की प्रवृत्ति बढ़ी है, लेकिन उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि इन संस्थाओं में ऐसे लोग मौजूद हैं जो राजनीतिक हस्तक्षेप का विरोध कर सकते हैं।
तुषार गांधी ने कहा कि नागरिक समाज को विभिन्न मुद्दों पर लगातार संघर्ष करते रहना चाहिए, ताकि संस्थाओं की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मर्यादाएँ सुरक्षित रह सकें।
केवल सरकार नहीं, पूरी व्यवस्था में बदलाव जरूरी-
तुषार गांधी ने व्यवस्था परिवर्तन को अपनी चर्चा का केंद्रीय विषय बनाया। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था में बुनियादी बदलाव नहीं किए गए, तो सत्ता में आने वाला कोई भी नया नेतृत्व भी सत्ता के प्रलोभनों में फँसकर पुराने तरीके से काम करने लग सकता है।
उन्होंने अपने विचार रखते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए केवल मौजूदा सरकार की आलोचना करना पर्याप्त नहीं है। ऐसी संस्थागत और सामाजिक व्यवस्था विकसित करनी होगी, जो सत्ता में बैठे लोगों को जवाबदेह बनाए और नागरिकों को अपने सवालों के जवाब माँगने का अधिकार व्यवहार में उपलब्ध कराए।
उन्होंने यह भी कहा कि नागरिक समाज के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से अपेक्षा रखने के साथ-साथ अपनी स्वतंत्र सामाजिक शक्ति का निर्माण करना चाहिए। उनके अनुसार, राजनीतिक दल सत्ता में आने के बाद कई बार उन सामाजिक कार्यकर्ताओं से दूरी बना लेते हैं, जिनके समर्थन और प्रयासों से वे आगे बढ़े होते हैं। इसलिए नागरिक समाज को अपनी स्वतंत्र पहचान और प्रभाव बनाए रखना चाहिए।
नागरिक समाज एक स्वतंत्र दबाव समूह बने-
तुषार गांधी ने सुझाव दिया कि लोकतांत्रिक और सामाजिक संगठनों को एक प्रभावी दबाव समूह के रूप में काम करना चाहिए। उन्होंने नागरिक अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठनों का उदाहरण देते हुए कहा कि नागरिक समाज को भी ऐसी सामूहिक शक्ति विकसित करनी होगी, जो सत्ता में आने वाले किसी भी दल से सवाल पूछ सके।
उनके अनुसार, सरकार चाहे किसी भी राजनीतिक दल की हो, उसे नागरिकों के सवालों का जवाब देना चाहिए। यदि नागरिक समाज संगठित और प्रभावशाली होगा, तभी वह सरकारों को जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई करने के लिए प्रेरित कर सकेगा।
उन्होंने चुनावी व्यवस्था में सुधार का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि EVM के स्थान पर बैलेट पेपर की व्यवस्था की माँग करनी है या चुनावी प्रक्रिया में अन्य बदलाव लाने हैं, तो केवल राजनीतिक दलों पर भरोसा करना पर्याप्त नहीं होगा। सत्ता में आने वाली सरकार पर नागरिकों का निरंतर दबाव होना आवश्यक है।
तुषार गांधी ने कहा कि सामाजिक आंदोलनों को अपनी वास्तविक क्षमताओं और सीमाओं को समझना चाहिए। उन्हें यह तय करना होगा कि वर्तमान परिस्थितियों में कौन-से कदम व्यावहारिक हैं और किन लक्ष्यों के लिए लंबे समय तक काम करना पड़ेगा।
राजनीतिक दलों पर दबाव, लेकिन स्वतंत्र सामाजिक शक्ति भी जरूरी-
तुषार गांधी ने कहा कि सरकार को समर्थन दे रहे दलों से समर्थन वापस लेने की माँग करना उचित हो सकता है, लेकिन नागरिक समाज की रणनीति केवल इसी पर निर्भर नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने आंध्र प्रदेश और बिहार की राजनीति का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीतिक दल अपने अस्तित्व, राजनीतिक हितों और क्षेत्रीय परिस्थितियों के आधार पर अपने निर्णय लेते हैं।
उन्होंने संकेत दिया कि यदि किसी समय सहयोगी दलों को लगे कि मौजूदा राजनीतिक समीकरण उनके राजनीतिक भविष्य के लिए नुकसानदेह हो रहे हैं, तो वे अपना रुख बदल सकते हैं। लेकिन नागरिक समाज को इस संभावना पर निर्भर रहने के बजाय अपनी स्वतंत्र सामाजिक शक्ति को मजबूत करना चाहिए।
उनके अनुसार, राजनीतिक दलों पर प्रभाव डालने के लिए नागरिक संगठनों के पास सामाजिक आधार, जनसमर्थन और लगातार संवाद की क्षमता होनी चाहिए। तभी वे राजनीतिक निर्णयों पर प्रभावी दबाव बना सकेंगे।
आंदोलनकारियों के लिए देशव्यापी कानूनी सहायता नेटवर्क
तुषार गांधी ने आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी और कानूनी सहायता के सवाल को विशेष महत्त्व दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान आंदोलनों में गिरफ्तार किए जा रहे लोगों को कानूनी मदद उपलब्ध कराना आवश्यक है। अभी कुछ संगठनों के आंदोलनकारियों को कानूनी सहायता मिल रही है, लेकिन यदि आंदोलन का विस्तार होता है और जेल भरो आंदोलन जैसी स्थिति बनती है, तो व्यापक तैयारी की जरूरत पड़ेगी।
उन्होंने प्रस्ताव रखा कि एक समर्पित कानूनी सहायता दल बनाया जाना चाहिए, जो देश के किसी भी हिस्से में गिरफ्तार किए गए आंदोलनकारियों तक शीघ्र पहुँच सके और उन्हें कानूनी मदद उपलब्ध करा सके।
तुषार गांधी के अनुसार, यह व्यवस्था केवल मुकदमे लड़ने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि आंदोलनकारियों को यह भरोसा भी देना चाहिए कि गिरफ्तारी की स्थिति में वे अकेले नहीं हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लोग मौजूद हैं।
उन्होंने आगाह किया कि यदि आंदोलनकारियों को यह महसूस होने लगे कि उनकी गिरफ्तारी के बाद उनके लिए कानूनी लड़ाई लड़ने वाला कोई नहीं है, तो निराशा और असंतोष बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति आंदोलन को अधिक टकरावपूर्ण बना सकती है। इसलिए कानूनी सहायता का संगठित ढाँचा शांतिपूर्ण जनांदोलन को बनाए रखने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
चुनावी गठबंधनों पर पुनर्विचार की जरूरत-
तुषार गांधी ने विपक्षी दलों के चुनावी गठबंधनों की व्यावहारिकता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकायों के चुनावों में कई बार अलग-अलग रणनीतियाँ अपनाते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन की बात करने वाले दल राज्य और स्थानीय स्तर पर एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं।
उनके अनुसार, इस तरह के विरोधाभासों से नागरिकों के बीच भ्रम और निराशा पैदा होती है। जनता यह जानना चाहती है कि राजनीतिक दल वास्तव में किस साझा कार्यक्रम और विचारधारा के आधार पर एकजुट हैं।
तुषार गांधी ने सुझाव दिया कि विपक्षी दलों को चुनाव से पहले गठबंधन की जटिलताओं में उलझने के बजाय चुनाव परिणामों के बाद सरकार गठन के लिए सहयोग की संभावनाओं पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि दल यह स्पष्ट कर दें कि वे चुनाव के बाद किन पक्षों के साथ मिलकर सरकार बना सकते हैं और किनके साथ नहीं, तो राजनीतिक स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकती है।
उनका तर्क था कि चुनावी गठबंधन की राजनीति में बार-बार बदलते समीकरणों के कारण नागरिक समाज अपनी ऊर्जा और समय खो सकता है। इसलिए नागरिकों और सामाजिक संगठनों को राजनीतिक दलों की रणनीतियों पर निर्भर रहने के बजाय स्वतंत्र जनमत निर्माण और सामाजिक संगठन पर ध्यान देना चाहिए।
तुषार गांधी ने छात्र आंदोलनों के प्रति चयनात्मक समर्थन की प्रवृत्ति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं और दलों से जुड़े आंदोलनों के बीच सहयोग बढ़ाना आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत सत्याग्रह, छोटे-छोटे विरोध प्रदर्शनों और स्थानीय स्तर पर निरंतर जनप्रतिरोध को मौजूदा परिस्थितियों में महत्त्वपूर्ण बताया।
सभी लोकतांत्रिक आंदोलनों को सहयोग देने की जरूरत
तुषार गांधी ने कहा कि छात्र आंदोलनों की चर्चा करते समय केवल कुछ संगठनों तक सीमित रह जाना उचित नहीं है। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन आंदोलनों में भी अनेक छात्र लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। कई युवाओं ने पुलिस की कार्रवाई का सामना किया है और गिरफ्तारियाँ भी झेली हैं। उनके संघर्ष और योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कभी-कभी किसी आंदोलन को किसी खास राजनीतिक दल से जुड़ा मानकर उससे दूरी बना ली जाती है। उनके अनुसार, यह चयनात्मक रवैया व्यापक लोकतांत्रिक संघर्ष को कमजोर करता है। लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले सभी लोगों के साथ सहयोग का रिश्ता बनाया जाना चाहिए, चाहे उनका संबंध कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टियों या किसी अन्य राजनीतिक संगठन से हो।
तुषार गांधी ने कहा कि जब किसी आंदोलन का उद्देश्य लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना हो, तो नागरिक समाज को दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर उसके साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने वाले लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
उनका मानना था कि लोकतांत्रिक आंदोलनों को कमजोर करने वाली प्रवृत्तियों में एक प्रवृत्ति यह भी है कि हम अपने विचारों से सहमत लोगों के आंदोलनों का तो समर्थन करते हैं, लेकिन दूसरे राजनीतिक या वैचारिक समूहों के आंदोलनों से दूरी बना लेते हैं। इस प्रवृत्ति को बदलना आवश्यक है।
आंदोलन का आकार नहीं, उसकी निरंतरता महत्त्वपूर्ण-
तुषार गांधी ने कहा कि नागरिक समाज के कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आंदोलन जारी रखने चाहिए। आंदोलन में केवल लोगों की संख्या को सफलता का पैमाना नहीं बनाया जाना चाहिए। कभी कोई व्यक्ति अकेले विरोध कर सकता है, तो कभी सैकड़ों या हजारों लोग एक साथ आ सकते हैं। दोनों ही परिस्थितियों में प्रतिरोध की निरंतरता महत्त्वपूर्ण है।
उन्होंने इसे प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी बताया। उनके अनुसार, लोकतांत्रिक व्यवस्था में अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने वाले लोगों को लगातार सक्रिय रहना चाहिए, ताकि सरकार को जनअसंतोष और नागरिकों की माँगों का एहसास होता रहे।
तुषार गांधी ने कहा कि जनता का निरंतर दबाव कई बार सरकारों को ऐसे निर्णय लेने के लिए भी मजबूर कर सकता है, जिन्हें लेने की वे पहले इच्छुक नहीं होतीं। इसलिए नागरिक समाज को आंदोलन और जनदबाव की प्रक्रिया को बनाए रखना चाहिए।
व्यक्तिगत सत्याग्रह की प्रासंगिकता पर चर्चा-
तुषार गांधी के वक्तव्य के बाद प्रोफेसर आनंद कुमार ने व्यक्तिगत सत्याग्रह की अवधारणा पर सवाल उठाया। उन्होंने महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह और व्यक्तिगत सत्याग्रह के ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए पूछा कि क्या वर्तमान परिस्थितियों में छोटे स्तर पर व्यक्तिगत विरोध की रणनीति प्रभावी हो सकती है।
आनंद कुमार ने यह भी पूछा कि पर्यावरण, रोजगार, पेपर लीक और स्कूलों की स्थिति जैसे मुद्दों पर चल रहे आंदोलनों के संदर्भ में व्यक्तिगत सत्याग्रह किस तरह उपयोगी हो सकता है। उन्होंने इस बात पर विचार करने की आवश्यकता बताई कि मौजूदा परिस्थितियों में कौन-से कदम व्यावहारिक हैं और किस प्रकार के आंदोलन अधिक लोगों को जोड़ सकते हैं।
नमक सत्याग्रह से वर्तमान आंदोलन के लिए सीख-
तुषार गांधी ने जवाब में कहा कि नमक सत्याग्रह के दौरान ब्रिटिश सरकार ने नमक के उत्पादन और बिक्री पर नियंत्रण स्थापित कर रखा था। नमक पर कर और सरकारी एकाधिकार को चुनौती देकर गांधीजी ने औपनिवेशिक सत्ता के विरुद्ध व्यापक जनप्रतिरोध खड़ा किया था।
उन्होंने कहा कि उस समय नमक का मुद्दा एक ऐसा प्रतीक बन गया था, जिसके माध्यम से ब्रिटिश शासन की अन्यायपूर्ण नीतियों को चुनौती दी जा सकती थी। नमक की एक मुट्ठी उठाने जैसी साधारण प्रतीत होने वाली कार्रवाई भी औपनिवेशिक सत्ता के लिए राजनीतिक चुनौती बन गई थी।
तुषार गांधी ने माना कि वर्तमान परिस्थितियों में SIR के मुद्दे पर भी व्यापक जनजागरण की संभावना है, लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत सत्याग्रह पर विशेष जोर इसलिए दिया क्योंकि शांतिपूर्ण सामूहिक प्रदर्शनों पर प्रतिबंध और गिरफ्तारियों जैसी परिस्थितियाँ सामने आ रही हैं।
शांतिपूर्ण विरोध पर प्रतिबंधों के बीच व्यक्तिगत प्रतिरोध
तुषार गांधी ने 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में प्रस्तावित शांतिपूर्ण प्रदर्शन का उदाहरण दिया। उनके अनुसार, प्रदर्शन का आह्वान करने वाले कुछ आयोजकों को मैदान पहुँचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें बताया गया कि वहाँ प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है।
उन्होंने कहा कि कानूनी प्रतिबंधों और प्रशासनिक कार्रवाइयों को चुनौती देने के लिए कानूनी रास्तों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर शांतिपूर्ण विरोध की संभावना पर भी जोर दिया।
तुषार गांधी ने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति हाथ में तिरंगा और संविधान लेकर मंत्रालय की ओर शांतिपूर्ण ढंग से मार्च करता है, तो उसे केवल इस आधार पर रोकने का औचित्य स्पष्ट करना कठिन होगा कि वहाँ विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। उन्होंने यह तर्क दिया कि यदि एक व्यक्ति के शांतिपूर्ण आवागमन पर भी प्रतिबंध लगा दिया जाए, तो सामान्य नागरिकों के लिए अपने दैनिक कार्यों के लिए निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।
उनके अनुसार, छोटे-छोटे व्यक्तिगत विरोध प्रदर्शनों के माध्यम से जनता के असंतोष को लगातार सामने लाया जा सकता है। इस तरह सरकार और प्रशासन को यह संदेश दिया जा सकता है कि लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर नागरिकों की चिंता समाप्त नहीं हुई है।
छोटे समूहों के प्रदर्शन से भी बन सकता है जनमत
तुषार गांधी ने कहा कि विरोध प्रदर्शनों में लोगों की संख्या से अधिक महत्त्वपूर्ण उनका संदेश और निरंतरता हो सकती है। उन्होंने विदेशों में भारतीय दूतावासों के बाहर हुए प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे विरोधों में शामिल लोगों की संख्या कम होने के बावजूद वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि लंदन और अन्य विदेशी राजधानियों में भारतीय मूल के लोगों द्वारा किए गए प्रदर्शनों ने यह संदेश दिया कि भारत की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर असंतोष केवल देश के भीतर ही सीमित नहीं है। ऐसे प्रदर्शनों का प्रभाव लंबे समय तक रह सकता है, क्योंकि वे किसी मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय विमर्श में बनाए रखते हैं।
तुषार गांधी के अनुसार, भारत के भीतर भी छोटे समूहों में शांतिपूर्ण विरोध जारी रखना चाहिए। समय-समय पर बड़े जनआंदोलन भी आयोजित किए जा सकते हैं, लेकिन हर बार हजारों लोगों की भागीदारी की प्रतीक्षा करने के बजाय स्थानीय स्तर पर नियमित प्रतिरोध को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
विरोध के लिए सार्वजनिक स्थानों की उपलब्धता का सवाल
अपने वक्तव्य के अंतिम हिस्से में तुषार गांधी ने मुंबई और दिल्ली में प्रदर्शन के लिए स्थानों की उपलब्धता से जुड़ी कठिनाइयों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रामलीला मैदान में प्रदर्शन आयोजित करने के लिए किराया देने की बात सामने आई है, जबकि दूसरा उपलब्ध स्थान शहर के बाहरी इलाके में स्थित है, जहाँ लोगों के लिए पहुँचना कठिन हो सकता है।
उनकी चिंता यह थी कि यदि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए उपयुक्त सार्वजनिक स्थानों तक पहुँचना मुश्किल बना दिया जाए, तो नागरिकों के लिए अपनी असहमति व्यक्त करने के अवसर सीमित हो सकते हैं। इसलिए लोकतांत्रिक व्यवस्था में सार्वजनिक स्थानों पर शांतिपूर्ण सभा और विरोध के अधिकार को सुरक्षित रखना आवश्यक है।
तुषार गांधी ने संकेत दिया कि ऐसी परिस्थितियों में व्यक्तिगत सत्याग्रह और छोटे समूहों के विरोध प्रदर्शन जनभागीदारी बनाए रखने के व्यावहारिक माध्यम बन सकते हैं।
तुषार गांधी ने बेरोजगारी, शिक्षा, पर्यावरण और भूमि अधिग्रहण जैसे मुद्दों पर देशव्यापी जनांदोलन जारी रखने का आह्वान किया
नागरिक समाज की ऑनलाइन बैठक“लोकतंत्र का संकट और गैर-दलीय शक्तियों की भूमिका”के इस हिस्से में तुषार गांधी ने शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार, सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शन की स्वतंत्रता, सामाजिक आंदोलनों की व्यापकता और जनमत निर्माण के महत्त्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संघर्ष को केवल एक मुद्दे तक सीमित नहीं रखना चाहिए। बेरोजगारी, शिक्षा, पर्यावरण, भूमि अधिग्रहण और नागरिक अधिकारों जैसे सवालों पर अलग-अलग स्तरों पर आंदोलन जारी रखना जरूरी है।
बैठक में विदेशों में भारतीय नागरिकों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों, रचनात्मक सामाजिक कार्य, विश्वविद्यालय परिसरों की राजनीति और नागरिक समाज के संगठनों के बीच समन्वय पर भी चर्चा हुई। अंत में रामशरण ने नागरिक समाज के विभिन्न समूहों को जोड़ने और भविष्य में संवाद की ऐसी बैठकें जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सार्वजनिक स्थानों पर विरोध का अधिकार
तुषार गांधी ने मुंबई के आजाद मैदान का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी निर्धारित स्थान पर प्रदर्शन की अनुमति देना पर्याप्त नहीं है, यदि उस स्थान पर हो रहे आंदोलन की आवाज आम जनता तक पहुँच ही न सके। उनके अनुसार, आजाद मैदान में प्रदर्शन होने के बावजूद आसपास से गुजरने वाले अनेक लोगों को यह पता नहीं चल पाता कि वहाँ कोई आंदोलन चल रहा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार केवल औपचारिक अनुमति तक सीमित नहीं होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों को अपनी बात जनता तक पहुँचाने और सार्वजनिक विमर्श में हिस्सा लेने का वास्तविक अवसर मिलना चाहिए।
तुषार गांधी ने मुंबई में अदालत परिसर के भीतर प्रदर्शन पर रोक से संबंधित उच्च न्यायालय के आदेश का भी उल्लेख किया। उन्होंने इस आदेश की आलोचना करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार और न्यायिक संस्थाओं की सुविधाओं के बीच संतुलन पर सवाल उठाए जाने चाहिए।
उनका कहना था कि नागरिकों को न्यायपालिका और न्यायाधीशों से भी यह पूछने का अधिकार है कि शांतिपूर्ण विरोध के अवसरों को सीमित करने वाले निर्णय किस आधार पर लिए जा रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि लोकतंत्र में किसी भी संस्था को नागरिकों के सवालों से परे नहीं माना जाना चाहिए।
बेरोजगारी, शिक्षा और पर्यावरण के सवालों पर भी आंदोलन जारी रहें-
तुषार गांधी ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में SIR के मुद्दे पर ध्यान देना जरूरी है, लेकिन इसके कारण अन्य जनहित के सवालों को पीछे नहीं छोड़ना चाहिए। बेरोजगारी, स्कूलों की स्थिति, शिक्षा व्यवस्था में असमानता और पर्यावरण से जुड़े मुद्दे भी उतने ही महत्त्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक आंदोलनों को किसी एक मुद्दे तक सीमित करने के बजाय विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे संघर्षों को सहयोग देना चाहिए। यदि लाखों लोगों को एक साथ सड़कों पर लाना संभव नहीं हो, तो भी सैकड़ों और हजारों छोटे आंदोलनों को एक साथ जारी रखकर सरकार पर व्यापक जनदबाव बनाया जा सकता है।
उनके अनुसार, विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय समूहों के बीच सहयोग और एकजुटता से लोकतांत्रिक संघर्ष को मजबूती मिलेगी। नागरिक समाज को अपनी क्षमता के अनुसार इन आंदोलनों को समर्थन देना चाहिए और उन्हें अलग-थलग पड़ने से बचाना चाहिए।
रचनात्मक सामाजिक कार्य और जनमत निर्माण
प्रश्नोत्तर के दौरान एक प्रतिभागी ने आपातकाल के समय विदेशों में हुए विरोध प्रदर्शनों और रचनात्मक सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका के बारे में सवाल उठाया।
इसके जवाब में तुषार गांधी ने कहा कि दीर्घकालीन सामाजिक परिवर्तन के लिए जनमत निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सामाजिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन ने लंबे समय तक समाज में काम करके अपने विचारों के पक्ष में जनमत तैयार किया है।
उनके अनुसार, लोकतांत्रिक शक्तियों को भी समाज के भीतर लगातार काम करना होगा और ऐसा वैकल्पिक जनमत तैयार करना होगा, जो लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों के पक्ष में हो। केवल विरोध प्रदर्शन करना पर्याप्त नहीं है; समाज में लोगों की सोच और राजनीतिक समझ को प्रभावित करने वाला रचनात्मक काम भी जरूरी है।
तुषार गांधी ने कहा कि रचनात्मक सामाजिक कार्य के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ बनाना महत्त्वपूर्ण है। वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संगठनों के सामने चुनौती यह है कि वे समाज में स्वतंत्र विचार और वैकल्पिक राजनीतिक दृष्टिकोण के लिए जगह तैयार करें।
विदेशों में भारतीय नागरिकों के विरोध प्रदर्शन
विदेशों में भारतीय दूतावासों के बाहर हुए विरोध प्रदर्शनों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में तुषार गांधी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में विदेशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों की भूमिका पर भी ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विदेशों में हुए कुछ प्रदर्शनों में भाग लेने वाले अनेक युवा पेशेवर थे। उनके अनुसार, ऐसे लोगों की परिस्थितियाँ भारत में रहने वाले नागरिकों से अलग हो सकती हैं, क्योंकि वे भारतीय सरकार के सीधे प्रशासनिक नियंत्रण और दबाव के उसी स्वरूप का सामना नहीं करते।
तुषार गांधी ने कहा कि विदेशों में होने वाले शांतिपूर्ण प्रदर्शन भारत की राजनीतिक परिस्थितियों और नागरिक असंतोष को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने का माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि ऐसे प्रदर्शन अपने आप सत्ता परिवर्तन सुनिश्चित नहीं करते, लेकिन वे जनमत और सार्वजनिक विमर्श को प्रभावित करने में योगदान दे सकते हैं।
भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण के मुद्दों पर एकजुटता
चर्चा के दौरान तुषार गांधी ने भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण से जुड़े सवालों का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सहित कई क्षेत्रों में बड़े उद्योगपतियों के हितों के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में गरीबों और कमजोर समुदायों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
उनके अनुसार, जमीन और पर्यावरण के प्रश्न केवल किसी एक राज्य तक सीमित नहीं हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में भूमि, संसाधनों और विकास की दिशा को लेकर संघर्ष सामने आ रहे हैं। इन मुद्दों पर काम करने वाले संगठनों के बीच एकजुटता आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नागरिक समाज को ऐसे आंदोलनों के साथ खड़ा होना चाहिए, क्योंकि भूमि और पर्यावरण से जुड़े संघर्षों का संबंध आजीविका, सामाजिक न्याय और स्थानीय समुदायों के अधिकारों से है।
विश्वविद्यालय परिसरों में स्वतंत्र लोकतांत्रिक शक्ति की जरूरत
बैठक में विश्वविद्यालय परिसरों की राजनीति पर भी चर्चा हुई। तुषार गांधी ने कहा कि विश्वविद्यालयों में ऐसी स्वतंत्र लोकतांत्रिक शक्ति विकसित करना आवश्यक है, जो केवल किसी राजनीतिक दल की छात्र इकाई के विस्तार के रूप में काम न करे।
उन्होंने चिंता व्यक्त की कि कभी-कभी छात्र संगठनों को उनकी मूल राजनीतिक पार्टियाँ अपने हितों के अनुसार इस्तेमाल करने लगती हैं। ऐसी स्थिति में छात्र आंदोलनों की स्वतंत्रता और उनकी लोकतांत्रिक भूमिका प्रभावित हो सकती है।
तुषार गांधी के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसरों में नागरिक समाज और अनुभवी सामाजिक कार्यकर्ताओं को ऐसी पहल करनी चाहिए, जो राजनीतिक हिंसा और दबंगई की प्रवृत्तियों को चुनौती दे तथा स्वतंत्र विचार-विमर्श के लिए जगह बनाए।
उन्होंने संकेत दिया कि छात्र राजनीति में लोकतांत्रिक भागीदारी और स्वतंत्र संगठन क्षमता को मजबूत करना व्यापक सामाजिक परिवर्तन के लिए भी महत्त्वपूर्ण है।
नागरिक समाज के बीच समन्वय की पहल
बैठक के अंतिम हिस्से में रामशरण ने बताया कि नागरिक समाज के विभिन्न समूहों के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से यह संवाद आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि सिटिजन्स फॉर डेमोक्रेसी (CFD) ने उन्हें विभिन्न संगठनों और कार्यकर्ताओं के बीच संपर्क तथा सहयोग बढ़ाने की जिम्मेदारी दी है।
रामशरण ने कहा कि भविष्य में भी ऐसी बैठकें आयोजित की जाएँगी, जिनमें अन्य समूहों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रशांत भूषण, तुषार गांधी और अन्य प्रमुख सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे समय निकालकर ऐसी चर्चाओं में भाग लें और देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने में सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य केवल एक बैठक आयोजित करना नहीं, बल्कि उन लोगों और संगठनों के बीच संवाद का नियमित सिलसिला विकसित करना है, जो लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों के सवालों पर काम कर रहे हैं।
रामशरण ने विजयादशमी के दिन आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से उन प्रतिभागियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने व्यस्तता के बावजूद बैठक में समय दिया।
भविष्य के कार्यक्रमों के लिए संपर्क और सहभागिता
समापन के दौरान प्रोफेसर आनंद कुमार ने प्रतिभागियों से भविष्य के कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करने के इच्छुक लोगों से अपना ईमेल साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से नागरिक समाज के कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क बनाए रखा जा सकेगा और आगामी कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक का समापन इस आशा के साथ हुआ कि लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों और सामाजिक न्याय से जुड़े सवालों पर विभिन्न संगठनों के बीच संवाद जारी रहेगा तथा स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे आंदोलनों के बीच सहयोग बढ़ेगा।
निष्कर्ष: अनेक मुद्दों पर निरंतर संघर्ष ही लोकतांत्रिक शक्ति का आधार
बैठक के इस हिस्से में तुषार गांधी ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक संघर्ष को किसी एक मुद्दे या एक संगठन तक सीमित नहीं किया जा सकता। शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार, बेरोजगारी, शिक्षा, पर्यावरण, भूमि अधिग्रहण और विश्वविद्यालयों में लोकतांत्रिक वातावरण जैसे सवालों पर लगातार काम करना आवश्यक है।
उन्होंने छोटे और बड़े आंदोलनों के बीच सहयोग, विदेशों में जनमत निर्माण, रचनात्मक सामाजिक कार्य और नागरिक समाज के संगठनों के बीच समन्वय को महत्त्वपूर्ण बताया। रामशरण ने भी इस दिशा में नियमित संवाद और व्यापक सहयोग का आह्वान किया।
इस चर्चा का केंद्रीय संदेश था कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए नागरिक समाज को अपनी स्वतंत्र शक्ति विकसित करनी होगी, अलग-अलग जनआंदोलनों को सहयोग देना होगा और समाज में संवैधानिक मूल्यों के पक्ष में जनमत तैयार करने का काम लगातार जारी रखना होगा।
Discover more from समता मार्ग
Subscribe to get the latest posts sent to your email.









